सिंगरौली। मध्य प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने की पहल के तहत राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजना अंतर्गत एक दिवसीय जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता (पुरुष वर्ग) का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम, बैंढन में किया गया। कार्यक्रम माननीय कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सिंगरौली जगदीश कुमार गोमे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। जिला पंचायत की राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान टीम द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना को प्रोत्साहित करने के लिए स्वयं मैदान में उतरकर प्रतीकात्मक रूप से कबड्डी खेली। प्रतियोगिता में जिले के तीनों विकासखंड—देवसर, चितरंगी और बैंढन—से चयनित कुल 8 टीमों ने भाग लिया। मुकाबले क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल चरण में खेले गए। पूरे दिन चले रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में आयोजकों ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग, कोच, रेफरी और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता ने यह साबित किया कि ग्रामीण प्रतिभाओं में अपार क्षमता है, बस उन्हें सही मंच और अवसर की आवश्यकता है।
प्रतियोगिता के परिणाम:
प्रथम स्थान – नवानगर “बी” (21 हजार रुपये, ट्रॉफी, मेडल, प्रमाण पत्र)
द्वितीय स्थान – नवानगर “ए” (11 हजार रुपये, ट्रॉफी, मेडल, प्रमाण पत्र)
तृतीय स्थान – चितरंगी टीम (5100 रुपये, ट्रॉफी, मेडल, प्रमाण पत्र)
