पीलीभीत। जिले के बरखेड़ा थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां तीन दिन से लापता युवक को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और पीड़ित के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जिले के बरखेड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पौटा कलां गांव निवासी 22 वर्षीय आरिफ तीन दिन से लापता था। इस बीच उसका एक वीडियो सामने आया, जिसमें कुछ लोग उसे बिजली के खंभे से बांधकर लाठी-डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। पीड़ित के पिता शफीक शाह ने बरखेड़ा थाने में तहरीर देकर बताया कि 24 मार्च की शाम आरिफ खमरिया गांव की ओर गया था। इसी दौरान रास्ते में बमरिया गांव के तालिब, कैसर, पप्पू समेत अन्य लोगों ने उसे पकड़ लिया और खंभे से बांधकर बेरहमी से पिटाई की। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक अपनी प्रेमिका से मिलने गया था, जहां लड़की के परिजनों और ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और कई घंटों तक प्रताड़ित किया। मामले में पुलिस ने तीन नामजद व एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शनिवार देर शाम दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
