सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत गोदवाली इलाके में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार जेसीबी ने बाइक सवार मां-बेटे को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के गोदवाली गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार जेसीबी की चपेट में आने से बाइक सवार मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को तुरंत बैढ़न के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान बेटे संदीप वैश्य ने दम तोड़ दिया, जबकि मां की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है और उनका उपचार जारी है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने नेशनल हाईवे 39 पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब 7 घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। सड़क पर लंबी कतार में खड़े वाहनों के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम ने लोगों को समझाइश दी, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया। हादसे के बाद गांव में शोक और गुस्से का माहौल बना हुआ है।
