धार। लोकायुक्त की टीम ने धार जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जल संसाधन विभाग में पदस्थ अमीन राज दिनकर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी छुट्टी के दिन रिश्वत लेने पहुंचा था, तभी टीम ने उसे दबोच लिया।
जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त की टीम ने जल संसाधन विभाग में पदस्थ अमीन राज दिनकर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम आमला निवासी दयाराम पटेल ने तालाब की खाली भूमि पर खेती के लिए पट्टा लेने आवेदन किया था। इस दौरान आरोपी अमीन ने पट्टा स्वीकृति के नाम पर 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। पीड़ित ने मामले की शिकायत लोकायुक्त में दर्ज कराई, जिसके बाद टीम ने जांच कर आरोप की पुष्टि की और जाल बिछाया। बताया गया कि आरोपी छुट्टी के दिन इंदौर से धार रिश्वत लेने पहुंचा और आवेदक को किराए के मकान पर बुलाया। जैसे ही उसने 10 हजार रुपये की पहली किस्त ली, लोकायुक्त टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक Sunil Talan सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
