मऊगंज। जिले के लौर थाना क्षेत्र अंतर्गत भगतपुरा गांव में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और बहू की पिटाई से ससुर की मौत हो गई।
जिले के लौर थाना क्षेत्र के भगतपुरा गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक बुजुर्ग की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बहू द्वारा की गई मारपीट में ससुर गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, जगदीश साकेत (75) का अपनी बहू पुष्पा साकेत से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद पहले सास और बहू के बीच शुरू हुआ था, जो धीरे-धीरे बढ़कर हिंसक हो गया। इसी दौरान ससुर ने बहू का मोबाइल छीन लिया, जिससे नाराज होकर बहू ने उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि बहू ने ससुर को जमीन पर पटककर बेरहमी से मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और खून की उल्टियां होने लगीं। परिजन उन्हें तत्काल देवतालाब के एक निजी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने आरोपी महिला पुष्पा साकेत को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो इस घटना का कारण बना। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
