सिंगरौली। जिले ने खनिज राजस्व वसूली के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए प्रदेश में अपनी मजबूत पकड़ कायम रखी है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री गौरव बेनल के कुशल मार्गदर्शन और खनिज अधिकारी सुश्री आकांक्षा पटेल के निर्देशन में वर्ष 2025–26 के लिए निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले रिकॉर्ड वसूली की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 मार्च 2026 तक निर्धारित खनिज राजस्व लक्ष्य 4833 करोड़ रुपये के विरुद्ध 4681.05 करोड़ रुपये की वसूली की जा चुकी है, जो लक्ष्य का 96.86 प्रतिशत है। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में 600.96 करोड़ रुपये अधिक है, जो जिले की उल्लेखनीय उपलब्धि को दर्शाता है। वहीं, सड़क विकास कर के अंतर्गत 970 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 946.80 करोड़ रुपये की वसूली की गई, जो 97.61 प्रतिशत है। यह राशि भी पिछले वर्ष की तुलना में 69.59 करोड़ रुपये अधिक है। जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर लगातार सख्त कार्रवाई करते हुए 289 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनसे 2.20 करोड़ रुपये की वसूली की गई।उल्लेखनीय है कि इस राजस्व में रेत खनिज से प्राप्त रॉयल्टी शामिल नहीं है। वर्ष 2023 में हुई निविदा के अनुसार वर्ष 2025–26 में रेत खनिज की 68.59 करोड़ रुपये की राशि राज्य खनिज निगम को जमा कराई जानी है।
