महराजगंज। जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक और युवती ने कथित तौर पर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
जिले में एक प्रेमी युगल ने समाजिक बंधनों से परेशान होकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। भागीरथ रेलवे स्टेशन के पास दोनों ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, नौतनवा थाना क्षेत्र के निवासी गोलू कनौजिया और उसकी प्रेमिका ने नौतनवा-गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के सामने छलांग लगा दी। दोनों की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों एक-दूसरे का हाथ पकड़े हुए थे और ट्रेन के आते ही उसके सामने कूद गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे, जिससे आहत होकर उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
