उत्तर प्रदेश। यूपी के गोरखपुर से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने के दौरान राप्ती नदी में डूबे चार नाबालिगों के शव तीन दिन की कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिए गए।
सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाना चार किशोरों के लिए जानलेवा साबित हुआ। खोराबार क्षेत्र के मिर्जापुर घाट के पास राप्ती नदी में डूबे चार नाबालिगों के शव तीन दिन तक चले सघन तलाशी अभियान के बाद बरामद कर लिए गए। घटना से इलाके में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, बुधवार को नौ किशोर साइकिल से नदी किनारे पहुंचे थे। इनमें से पांच किशोर पोंटून पुल के पास नहाने और वीडियो बनाने के लिए नदी में उतर गए। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और एक-एक कर डूबने लगे। साथ मौजूद राजकरण उर्फ ‘टाइमपास’ किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया और उसने अन्य लोगों को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमों को मौके पर तैनात कर तलाशी अभियान चलाया गया। घटनास्थल से साइकिल, कपड़े और एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, विवेक निषाद (15) का शव गुरुवार शाम को घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर मिला। वहीं, अमन उर्फ बीरू राजभर (15), गगन पासवान (15) और अनिकेत यादव (13) के शव शुक्रवार सुबह पानी की सतह पर उतराते हुए मिले, जिन्हें गोताखोरों ने बाहर निकाला। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
