उत्तर प्रदेश। पीलीभीत जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी जान की परवाह किए बिना मगरमच्छ से मुकाबला कर अपने बेटे को मौत के मुंह से निकाल लिया। यह घटना जहानाबाद क्षेत्र के नगरिया सहगवां गांव की है, जिसने हर किसी को भावुक और हैरान कर दिया है।
पीलीभीत जिले के जहानाबाद क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली, लेकिन साहस से भरी घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी जान की परवाह किए बिना मगरमच्छ से मुकाबला कर अपने बेटे की जान बचा ली। जानकारी के अनुसार, नगरिया सहगवां गांव निवासी प्रेम शंकर अपने 14 वर्षीय बेटे मोहित कुमार के साथ नदी किनारे स्थित खेत में गेहूं की कटाई करने गए थे। इसी दौरान मोहित नदी के पास पहुंच गया, जहां पहले से घात लगाए बैठे मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे अपने जबड़ों में दबोचकर पानी की ओर खींचने लगा। बेटे की चीख सुनते ही प्रेम शंकर बिना देर किए नदी में कूद पड़े और निहत्थे ही मगरमच्छ से भिड़ गए। कुछ देर तक पिता और मगरमच्छ के बीच संघर्ष चलता रहा। आखिरकार पिता के साहस के आगे मगरमच्छ को पीछे हटना पड़ा और उसने बच्चे को छोड़ दिया। घायल मोहित को तुरंत पीलीभीत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने उसका इलाज किया। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चे को गंभीर चोटें आई थीं, लेकिन समय पर इलाज मिलने से उसकी हालत अब खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं पिता की बहादुरी की हर तरफ सराहना हो रही है।
