मेरठ। जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के मखदुमपुर गंगा घाट पर शुक्रवार को अंतिम संस्कार में शामिल होने आए पांच लोग गंगा में डूब गए। इनमें से एक युवक को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि चार लोगों की तलाश जारी है।
**मेरठ में बड़ा हादसा: गंगा में डूबे 5 लोग, 4 लापता; NDRF चला रही सर्च ऑपरेशन** मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के मखदुमपुर गंगा घाट पर शुक्रवार को अंतिम संस्कार में शामिल होने आए पांच लोग गंगा में डूब गए। इनमें से एक युवक को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि चार लोगों की तलाश जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय के अनुसार, इंचौली क्षेत्र के कुछ लोग अपनी वृद्ध मां के अंतिम संस्कार के लिए मखदुमपुर घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार के बाद परिवार और साथ आए लोग करीब 200 मीटर दूर गंगा में स्नान करने चले गए। इसी दौरान अचानक तेज बहाव में पांच लोग बहने लगे। हस्तिनापुर पुलिस के मुताबिक, लापता लोगों में अभिषेक (23), हिमांशु (17), दीपांशु (21) और प्रियांशु (17) शामिल हैं। मौके पर मौजूद जलालपुर निवासी राहुल नामक युवक ने साहस दिखाते हुए एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन बाकी चार लोग तेज धारा में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, एडीएम और क्षेत्राधिकारी सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। लापता लोगों की तलाश के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), स्थानीय गोताखोरों और वन विभाग की मोटर बोट की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस हादसे के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
