लखनऊ। मशहूर हरियाणवी डांसर सपना चौधरी को लेकर राजधानी लखनऊ की अदालत से अहम खबर सामने आई है। साल 2018 के एक पुराने मामले में सोमवार को वह एसीजेएम कोर्ट में पेश हुईं, जहां प्रक्रिया के तहत उन्हें कुछ समय के लिए अदालत की हिरासत में लिया गया।
हरियाणवी डांसर सपना चौधरी से जुड़े 2018 के एक पुराने मामले में सोमवार को लखनऊ की एसीजेएम कोर्ट में पेशी हुई। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने नियमानुसार उन्हें हिरासत में लिया, जिससे कुछ देर के लिए कोर्ट परिसर में हलचल मच गई। हालांकि, सुनवाई के बाद अदालत ने उनके खिलाफ जारी जमानती वारंट को निरस्त करते हुए 60 हजार रुपए के निजी मुचलके पर रिहा करने का आदेश दिया। इसके साथ ही पिछली पेशियों में अनुपस्थित रहने पर उन पर 1400 रुपए का जुर्माना भी लगाया गया। बताया जा रहा है कि यह मामला लखनऊ के आशियाना स्थित स्मृति उपवन में आयोजित एक डांस कार्यक्रम से जुड़ा है। कार्यक्रम के लिए टिकट बेचे गए थे, लेकिन कथित तौर पर सपना चौधरी के नहीं पहुंचने से नाराज भीड़ ने हंगामा और तोड़फोड़ की थी। इस प्रकरण में सपना चौधरी समेत कई आयोजकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस जांच के बाद कोर्ट में चार्जशीट दाखिल हुई, जिस पर 2019 में संज्ञान लिया गया। लंबे समय से कोर्ट में पेश न होने के कारण उनके खिलाफ वारंट जारी हुआ था, जिसे अब रद्द कर दिया गया है। फिलहाल, जमानत मिलने के बाद सपना चौधरी को राहत मिल गई है, जबकि मामले की अगली सुनवाई जारी रहेगी।
