सिंगरौली। डीएवी विद्यालय एपीएमडीसी सुलियरी के 30 छात्र-छात्राएं सैनिक स्कूल रीवा का शैक्षणिक भ्रमण करेंगे, जहां उन्हें सैन्य अनुशासन, जीवनशैली और सैनिक प्रशिक्षण की बारीकियों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर गौरव बैनल और पुलिस अधीक्षक मनीष खंत्री ने छात्रों से संवाद कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर ने कहा कि सैनिक स्कूल का यह भ्रमण बच्चों को अनुशासन, देशभक्ति और जिम्मेदारी का महत्व समझने का बेहतरीन अवसर देगा। यहां वे सैन्य जीवन की दिनचर्या, प्रशिक्षण प्रणाली और विभिन्न गतिविधियों को नजदीक से देख सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि इस अनुभव से उनका व्यक्तित्व विकास होगा और वे अपने लक्ष्य के प्रति अधिक गंभीर बनेंगे। साथ ही उन्होंने बच्चों को मेहनत और लगन से पढ़ाई कर भविष्य में देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधीक्षक ने भी छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि यह भ्रमण खासकर उन बच्चों के लिए प्रेरणादायक साबित होगा, जो सेना में करियर बनाना चाहते हैं। उन्होंने छात्रों को सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
