बदायूं। जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने ही 5 महीने के मासूम बेटे की जान ले ली। आरोपी ने बच्चे को छत के छज्जे से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
जिले में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने ही 5 महीने के मासूम बेटे को छत से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना मलखानपुर गांव की है। बताया जा रहा है कि घर में शादी का माहौल था और परिवार खुशियों में डूबा हुआ था। इसी दौरान बेटी कुमकुम अपने पति बॉबी और बच्चों के साथ मायके आई हुई थी। आरोपी बॉबी संभल जिले का रहने वाला है और दिल्ली में मजदूरी करता है। शनिवार रात करीब 9 बजे बॉबी शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी से विवाद करने लगा। मामला बढ़ने पर सास ने बीच-बचाव कर बच्चे को अपनी गोद में ले लिया, लेकिन देर रात करीब 12 बजे आरोपी ने जबरन बच्चे को छीन लिया और छत पर ले गया। बताया गया कि आरोपी ने पत्नी को अपने साथ चलने की धमकी देते हुए मासूम को छज्जे से नीचे लटका दिया। पत्नी के मना करने पर उसने बच्चे को नीचे फेंक दिया। बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां से मुरादाबाद रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
