नीमच। जिले के मांगरोल चक गांव में छेड़छाड़ का एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जिसमें आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पेड़ से बांध दिया और अपमानित करते हुए गांव में घुमाया। अब पीड़िता ने आरोपी पक्ष पर धमकाने का आरोप लगाया है।
जिले के मांगरोल चक गांव में छेड़छाड़ का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आरोपी को ग्रामीणों द्वारा पेड़ से बांधकर अपमानित करने के बाद अब पीड़िता ने उसके परिजनों पर धमकाने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि 16 अप्रैल की रात मदन बंजारा नशे की हालत में एक विधवा महिला के घर में घुस गया और उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। महिला की चीख सुनकर उसका बेटा मौके पर पहुंचा और दोनों ने मिलकर आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी को पेड़ से बांध दिया, उसके बाल, मूंछ और भौंह काट दी और जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया। पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब उसका आरोप है कि आरोपी के परिजन उसे और उसके बेटे को लगातार धमका रहे हैं और गांव छोड़ने का दबाव बना रहे हैं। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
