मुजफ्फरनगर। जिले के चरथावल कस्बे में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया, जहां एक बंदरिया घर में घुसकर 3 महीने की नवजात बच्ची के पास बैठ गई और उसे दुलारने लगी। इस घटना से परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
जिले के चरथावल कस्बे में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बंदरिया घर में घुसकर 3 महीने की नवजात बच्ची के पास बैठ गई और उसे अपना बच्चा समझकर दुलारने लगी। इस दौरान परिवार के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि मजदूरी करने वाले तहसीन की पत्नी गुलिस्ता घर के काम में व्यस्त थी और बच्ची कमरे में अकेली लेटी हुई थी। तभी एक बंदरिया चुपचाप घर में घुस आई और बच्ची के पास जाकर बैठ गई। वह बच्ची के सिर और गालों को सहलाते हुए उसे दुलारती रही। जब मां कमरे में पहुंची तो यह दृश्य देखकर घबरा गई और जोर-जोर से चीखने लगी। शोर सुनकर बंदरिया आक्रामक हो गई और किसी को भी बच्ची के पास नहीं आने दिया। परिवार और पड़ोसियों ने बंदरिया को बहलाने और खाने का लालच देने की कोशिश की, लेकिन वह बच्ची से अलग नहीं हुई। घटना की सूचना मिलने पर पहुंचे एनिमल रेस्क्यूअर सन्नी चोपड़ा ने बताया कि बंदरिया के बच्चे की कुछ दिन पहले मौत हो गई थी, जिसके चलते वह नवजात को अपना बच्चा समझ बैठी। काफी प्रयासों के बाद बच्ची को सुरक्षित छुड़ाया गया। गनीमत रही कि बंदरिया ने बच्ची को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। इस अनोखी घटना ने इलाके में दहशत के साथ-साथ हैरानी भी फैला दी है।
