बदायूं। जिले में एक शादी समारोह उस वक्त दहशत में बदल गया, जब दुल्हन की विदाई के दौरान एक खूंखार आवारा कुत्ता बारात घर में घुस आया और ताबड़तोड़ लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में 60 से अधिक लोग घायल हो गए।
जिले में एक शादी समारोह उस वक्त दहशत में बदल गया, जब दुल्हन की विदाई के दौरान एक खूंखार आवारा कुत्ता बारात घर में घुस आया और ताबड़तोड़ लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में 60 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना बिसौली थाना क्षेत्र के बिल्सी रोड स्थित अभिनंदन बैंक्वेट हॉल की है, जहां सोमवार सुबह विदाई की रस्म चल रही थी। अचानक कुत्ते के हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए भाग रहे लोग एक-दूसरे से टकरा गए, जिससे कई लोग गिरकर घायल भी हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुत्ता बेहद आक्रामक था और उसने बारात घर के अंदर ही नहीं, बल्कि बाहर सड़क पर भी राहगीरों और दुकानदारों को निशाना बनाया। इसके बाद वह पास के गांव में पहुंच गया, जहां उसने मवेशियों पर भी हमला कर दिया। घायलों को तत्काल बिसौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उन्हें एंटी-रेबीज वैक्सीन दी गई। चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार, कुल 109 लोगों को टीका लगाया गया, जिनमें लगभग 60 लोग शादी समारोह के पीड़ित थे। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने नगर निकाय पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि आवारा कुत्तों की समस्या पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
