टीकमगढ़। लोकायुक्त सागर की टीम ने जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वनरक्षक को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक काश्तकार की शिकायत के आधार पर की गई।
लोकायुक्त सागर की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक वनरक्षक को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी वनरक्षक अरुण अहिरवार कुंडेश्वर बीट में पदस्थ था। शिकायतकर्ता अरबाज खान, जो उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के भानपुर का निवासी है, लकड़ी का काम करता है। उसने लोकायुक्त से शिकायत की थी कि आरोपी वनरक्षक उससे लकड़ी ले जाने वाले वाहनों पर अवैध रूप से पैसे की मांग करता था और पैसे न देने पर कार्रवाई की धमकी देता था। शिकायत के अनुसार, पूर्व में भी आरोपी ने उसका वाहन जब्त कर लिया था और छोड़ने के लिए 10 हजार रुपये मांगे थे। साथ ही हर महीने 10 हजार रुपये देने का दबाव बनाया जा रहा था। लगातार परेशान होकर उसने लोकायुक्त पुलिस से संपर्क किया। शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त टीम ने गुरुवार को अंबेडकर चौराहे के पास वन विभाग के पुराने कार्यालय के नजदीक जाल बिछाया और आरोपी को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
