सिंगरौली। जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत सुदा गांव में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 35 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध अवस्था में एक खेत में पड़ा मिला। मृतक की पहचान भुवनेश्वर कोल के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भुवनेश्वर कोल का शव उसके घर के समीप स्थित बस्ती से कुछ ही दूरी पर एक खेत में पाया गया। शव को देखते ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक के चेहरे और सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला प्रथम दृष्टया हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही चितरंगी थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
