हाथरस। जिले के चंदपा कोतवाली परिसर में पुलिस कस्टडी के दौरान एक आरोपी द्वारा आत्महत्या किए जाने से हड़कंप मच गया। आरोपी युवक ने थाने के शौचालय में फांसी लगाकर कथित तौर पर अपनी जान दे दी।
जिले के चंदपा कोतवाली में पुलिस कस्टडी के दौरान एक आरोपी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक ने थाने के शौचालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली प्रभारी और ड्यूटी पर तैनात आरक्षी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल को चंदपा थाना क्षेत्र से एक 16 वर्षीय किशोरी लापता हो गई थी। इस संबंध में 18 अप्रैल को परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि गाजियाबाद के लोनी निवासी 28 वर्षीय चंद्रपाल किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। पुलिस ने 23 अप्रैल को लोनी से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी को हिरासत में लेकर चंदपा थाने लाई। किशोरी को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया था। गुरुवार देर रात आरोपी शौचालय गया, जहां उसने फांसी लगाकर जान दे दी। आनन-फानन में पुलिस उसे जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कोतवाली के सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
