रायबरेली। जिले के सरेनी क्षेत्र में गंगा नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जहां डूबने से दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक का अस्पताल में इलाज जारी है।
सरेनी थाना क्षेत्र के निसगर गंगा घाट पर गुरुवार को नहाते समय बड़ा हादसा हो गया। गंगा नदी में डूबने से दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, चार युवक गंगा में नहाने गए थे। इसी दौरान 16 वर्षीय हरिशंकर गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसका बड़ा भाई हरिओम (22) और दोस्त सत्येंद्र (26) भी आगे बढ़े, लेकिन वे भी पानी में फंसकर डूबने लगे। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने चारों को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से तीन युवकों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने हरिशंकर, हरिओम और सत्येंद्र को मृत घोषित कर दिया। घटना में घायल हिमांशु का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।
