हरदोई। जिले के सांडी कस्बे में शुक्रवार देर रात एक भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। कस्बे में स्थित शोभित इलेक्ट्रॉनिक्स एंड फर्नीचर्स के शोरूम और गोदाम में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया, जिससे करोड़ों का सामान जलकर राख हो गया।
जिले के सांडी कस्बे में शुक्रवार की आधी रात एक भीषण आग ने एक चलते-फिरते कारोबार को कुछ ही घंटों में खाक कर दिया। शोभित इलेक्ट्रॉनिक्स एंड फर्नीचर्स के शोरूम और गोदाम में लगी आग इतनी तेजी से फैली कि संभलने का मौका ही नहीं मिला। रात करीब 1:30 बजे स्थानीय लोगों ने धुआं और लपटें देखीं और शोरूम मालिक को सूचना दी। जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचती, आग ग्राउंड फ्लोर से होते हुए पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले चुकी थी। हालात बिगड़ते देख हरदोई और बिलग्राम से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस आग ने शोरूम में रखे टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, इनवर्टर, बैटरियां, सोफा, बेड और गद्दों सहित लाखों का सामान निगल लिया। पीड़ित मालिक पुनीत वाजपेई के मुताबिक लगभग 1.97 करोड़ रुपए का माल और करीब 22.43 लाख रुपए नकद जलकर खत्म हो गए। कुल नुकसान 2 करोड़ रुपए से ज्यादा आंका गया है। घटना के बाद मालिक ने फायर ब्रिगेड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि समय पर पर्याप्त संसाधन नहीं मिलने के कारण आग पर जल्दी काबू नहीं पाया जा सका। फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।
