नेशनल डेस्क। वसुधारा झरना को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया पर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। दावा किया जा रहा है कि इस झरने का पानी हर किसी पर नहीं गिरता—बल्कि केवल “पाप रहित” लोगों पर ही इसकी धार पड़ती है। ऐसे में सवाल उठ रहा है—क्या यह चमत्कार है या सिर्फ अंधविश्वास?
देखे वीडियो –
वसुधारा झरना को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद इस झरने को लेकर लोगों के बीच आस्था और अंधविश्वास की बहस छिड़ गई है। बताया जाता है कि बद्रीनाथ से करीब 8 किलोमीटर दूर स्थित इस झरने की धार हर किसी पर नहीं गिरती। स्थानीय मान्यता के अनुसार, झरने का पानी केवल उन्हीं लोगों को भिगोता है जिन्होंने जीवन में कोई पाप नहीं किया। वहीं, “पापी” व्यक्ति इसके नीचे खड़े होने पर भी सूखा रह जाता है। धार्मिक मान्यताओं में इस स्थान का विशेष महत्व बताया गया है। कथाओं के अनुसार, सहदेव ने यहीं अपने प्राण त्यागे थे। साथ ही यह भी कहा जाता है कि झरने का पानी जड़ी-बूटियों से होकर गुजरता है, जिससे इसमें औषधीय गुण होते हैं। हालांकि, वैज्ञानिक दृष्टिकोण इससे अलग है। विशेषज्ञों के अनुसार, ऊंचाई से गिरते पानी पर तेज हवा का असर पड़ता है, जिससे पानी की धार बिखर जाती है और नीचे खड़े व्यक्ति तक सीधी नहीं पहुंचती। इसे प्राकृतिक प्रक्रिया माना जाता है, न कि किसी चमत्कार का परिणाम। यह झरना माणा गांव से लगभग 5-6 किलोमीटर की ट्रेकिंग दूरी पर स्थित है, जहां पहुंचने के लिए पैदल यात्रा करनी पड़ती है। फिलहाल, वसुधारा झरना आस्था और विज्ञान के बीच खड़ा एक ऐसा रहस्य बना हुआ है, जो लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
