IPL 2026: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में केएल राहुल ने बल्लेबाजी का ऐसा जलवा दिखाया, जिसने IPL इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए राहुल ने सिर्फ 47 गेंदों में शतक ठोक दिया—जो टीम के लिए अब तक का सबसे तेज शतक है।
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 35वें मुकाबले में केएल राहुल ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए राहुल ने पंजाब किंग्स के खिलाफ महज 47 गेंदों में शतक जड़ दिया, जो उनके IPL करियर का छठा शतक है। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में राहुल शुरुआत से ही आक्रामक नजर आए। उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट्स की बारिश करते हुए 12 चौके और 5 छक्के लगाए। उनकी पारी का स्ट्राइक रेट 200 के पार रहा। शतक पूरा करने के बाद भी राहुल नहीं रुके और नाबाद 126 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। मैच के दौरान राहुल को दो बार जीवनदान भी मिला। पहली बार शून्य पर और दूसरी बार 51 रन के स्कोर पर, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाते हुए बड़ी पारी खेली। इस शतकीय पारी के साथ राहुल ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। वह दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। साथ ही यह पहला मौका है जब उन्होंने IPL में 50 से कम गेंदों में सेंचुरी पूरी की है। IPL में सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में राहुल अब संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस सूची में शीर्ष पर विराट कोहली (8 शतक) हैं, जबकि जोस बटलर 7 शतकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। राहुल की इस शानदार पारी ने न सिर्फ टीम को बढ़त दिलाई, बल्कि उन्हें ऑरेंज कैप की दौड़ में भी सबसे आगे पहुंचा दिया है।
