लखीमपुर खीरी। जिले में सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। फरधान थाना क्षेत्र में लखीमपुर-मैगलगंज मार्ग पर लखनापुर चौराहे के पास एक तेज रफ्तार कार ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी, जिससे चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
लखीमपुर खीरी में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। फरधान थाना क्षेत्र में लखीमपुर-मैगलगंज मार्ग पर लखनापुर चौराहे के पास तेज रफ्तार कार ने दो मोटरसाइकिलों को आमने-सामने टक्कर मार दी। हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, सभी युवक एक शादी समारोह में शामिल होकर देर रात अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। थाना प्रभारी राजू राव ने बताया कि मृतकों की पहचान आदर्श (28), अनुज कुमार (35), हरि किशन (40) और हितेश शुक्ला (42) के रूप में हुई है। ये सभी आपस में रिश्तेदार थे। वहीं घायल कार चालक भानु प्रताप (30) और बाइक सवार शिवेंद्र (30) को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
