बहराइच। जिले के जनपद के नानपारा हाईवे पर रविवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो वाहन चालकों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया।
जिले के नानपारा हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डीसीएम और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई, जिससे दो चालकों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, हादसा दरगाह थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव के पास उस वक्त हुआ, जब एक छोटा हाथी वाहन को बचाने के प्रयास में दोनों भारी वाहन आपस में भिड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और तुरंत आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण चालक बाहर नहीं निकल सके और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। थाना प्रभारी रामज्ञा सिंह ने बताया कि घायल खलासी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
