राजस्थान। अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक भयावह सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के मौजपुर के पास चलती कार में अचानक आग लग गई, जिससे उसमें सवार पांच लोगों की जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई।
अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के मौजपुर के पास चलती कार में अचानक आग लग गई, जिससे उसमें सवार पांच लोगों की जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतक मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के रहने वाले थे और वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन कर घर लौट रहे थे। परिवार ने यात्रा के लिए टैक्सी बुक की थी। लौटते समय कार में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग के गोले में तब्दील हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन CNG और पेट्रोल दोनों से चलने वाला था। आशंका है कि गैस रिसाव के कारण आग लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला। हादसे में संतोष, उनकी पत्नी शशि, मां पार्वती, बेटी रागिनी और साक्षी की मौत हो गई। सभी श्योपुर जिले के चैनपुरा गांव के निवासी थे। शव इतनी बुरी तरह जल गए कि पहचान मुश्किल हो गई, जिसके चलते डीएनए जांच की प्रक्रिया शुरू की गई है। कार चालक विनोद कुमार ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन वह लगभग 80 प्रतिशत तक झुलस गया है। उसे पहले नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फॉरेंसिक टीम के साथ मिलकर हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।
