सिंगरौली। जिले में आंधी-तूफान और बारिश के बीच एक गंभीर हादसे जैसी स्थिति सामने आई है। वैढ़न क्षेत्र के टाकीज रोड स्थित बलियरी इलाके में बिजली के खंभे से जुड़ी 11 हजार वोल्ट की हाई वोल्टेज केबल टूटकर सड़क पर गिर गई।
जिले में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के बीच वैढ़न क्षेत्र के टाकीज रोड स्थित बलियरी इलाके में बड़ा हादसा टल गया। यहां बिजली के खंभे से जुड़ी 11 केवी (11 हजार वोल्ट) की हाई वोल्टेज केबल टूटकर सड़क पर गिर गई, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। घटना के समय सड़क पर आवागमन जारी था, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। केबल गिरने के बाद राहगीरों ने तुरंत दूरी बना ली और अन्य लोगों को भी सतर्क किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवा और बारिश के कारण बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे केबल टूटकर सड़क पर आ गिरी। सड़क पर गिरी हाई वोल्टेज लाइन के चलते कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना तत्काल विद्युत विभाग को दी गई, लेकिन काफी देर तक कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
