सिंगरौली। आगामी 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर गौरव बैनल एवं पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आगामी 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में कलेक्टर गौरव बैनल एवं पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र प्रभारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों की सुविधाओं में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी केंद्रों पर ठंडे पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय, पर्याप्त फर्नीचर और पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए पावर बैकअप अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखने को कहा गया। परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी कक्षों और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को चालू रखते हुए कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। प्रवेश द्वार पर टेंट लगाकर धूप से बचाव की व्यवस्था करने को भी कहा गया, ताकि चेकिंग के दौरान कतार में खड़े अभ्यर्थियों को परेशानी न हो। वहीं एसपी मनीष खत्री ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए केंद्रों के आसपास कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और अनाधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रखने को कहा गया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
