जम्मू में रहस्यमयी हालात में युवती की मौत, सूरत की किरण का बेसमेंट से मिला शव
जम्मू। एयरपोर्ट रोड स्थित सतवारी इलाके में एक 21 वर्षीय युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान किरण कुमारी कलाल निवासी सूरत, गुजरात के रूप में हुई है। शव एक निर्माणाधीन इमारत के बेसमेंट से बरामद किया गया।
सतवारी स्थित एयरपोर्ट रोड पर सोमवार सुबह एक युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान 21 वर्षीय किरण कुमारी कलाल निवासी सूरत (गुजरात) के रूप में हुई है। उसका शव होटल के पास एक निर्माणाधीन इमारत के बेसमेंट में पड़ा मिला। जानकारी के मुताबिक किरण सोशल मीडिया के जरिए उधमपुर जिले के पंचेरी क्षेत्र के एक युवक के संपर्क में आई थी और उसके साथ घर से जम्मू पहुंची थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत गुजरात में दर्ज कराई थी, जिसके बाद गुजरात और जम्मू पुलिस ने मिलकर उसे बरामद किया था। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम किरण को वापस सूरत ले जाने वाली थी और सोमवार सुबह की फ्लाइट के टिकट भी बुक थे। रविवार रात को वह अपने पिता और परिजनों के साथ एयरपोर्ट के पास एक होटल में ठहरी हुई थी।
सीसीटीवी में दिखी आखिरी मूवमेंट
सोमवार सुबह करीब 4 बजे किरण होटल के कमरे से बाहर निकलती सीसीटीवी में नजर आई। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। कुछ समय बाद पास की निर्माणाधीन इमारत के बेसमेंट में उसका शव मिलने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज, जम्मू भेजा गया है।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस प्रेम प्रसंग सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
सूरज कुमार , सिंगरौली, मध्य प्रदेश
For Feedback - Feedback@bhartiyriyashat.com