सिंगरौली। जिले में विस्थापित परिवारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण को लेकर कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने औद्योगिक कंपनियों के प्रतिनिधियों को सख्त निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित टीएल पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने कहा कि टीएल बैठक में प्राप्त सभी आवेदनों का उच्च प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कलेक्टर ने आर.एन.आर. कॉलोनियों में रहने वाले विस्थापित परिवारों की मूलभूत सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कॉलोनियों में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना कंपनियों की पहली जिम्मेदारी है। इसके लिए ओवरहेड टैंक एवं पाइपलाइन के माध्यम से नियमित जलापूर्ति की व्यवस्था की जाए तथा आवश्यकता अनुसार जल जीवन मिशन की पाइपलाइन का सहयोग भी लिया जाए। कलेक्टर ने कॉलोनियों में स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं को लेकर भी गंभीरता दिखाई। उन्होंने निर्देश दिए कि विस्थापितों के लिए सर्वसुविधायुक्त चिकित्सालय तथा बच्चों की पढ़ाई के लिए गुणवत्तापूर्ण विद्यालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बैठक के दौरान कलेक्टर ने कंपनियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विस्थापन से संबंधित सभी नियमों एवं पैरामीटर्स का शत-प्रतिशत पालन किया जाए तथा पात्र विस्थापितों को नियमानुसार सभी लाभ उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि विस्थापन नीतियों से जुड़ी शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण होना चाहिए। इसके साथ ही कलेक्टर ने कंपनियों को अपने-अपने क्षेत्रों में समय-समय पर जन समस्या निवारण शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए, ताकि विस्थापितों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सके।
