सिंगरौली। जिले में कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में देवसर विकासखंड की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में एचपीवी टीकाकरण, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर और आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।
व्यवस्थाओं में कमी मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह और डीपीएम सुधांशु मिश्रा के वेतन आहरण पर आगामी आदेश तक रोक लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. पंकज सिंह, बीपीएम सरिता सिंह और बीसीएम राजेश शाह का एक सप्ताह का वेतन काटने के निर्देश दिए गए, जबकि सेक्टर सुपरवाइजर श्यामकली चौधरी को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि टीकाकरण सत्र तय समय-सारणी के अनुसार आयोजित हों और कोई भी व्यक्ति टीकाकरण से वंचित न रहे। साथ ही सभी जानकारियां निर्धारित पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में आयुष्मान भारत योजना और धरती आबा अभियान की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनाने के निर्देश दिए गए। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन, जांच और संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने चेतावनी दी कि बिना अनुमति अवकाश पर जाने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही स्वास्थ्य केन्द्रों में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, एएनएम और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
