शामली। जिले के कैराना कस्बे में पारिवारिक विवाद के चलते एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक महिला द्वारा कथित आत्मदाह के प्रयास के बाद कमरे में फैले धुएं से उसकी दो मासूम बेटियों की दम घुटने से मौत हो गई।
जिले के कैराना कस्बे में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला ने कथित तौर पर खुद को आग लगा ली, जिसके चलते कमरे में फैले धुएं से उसकी दो मासूम बेटियों की दम घुटने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, कैराना निवासी अनीता (30) ने घर के एक कमरे में बिस्तर पर खुद को आग लगा ली। घटना के समय कमरे में उसकी 10 वर्षीय बेटी वंदना और डेढ़ साल की जसप्रीत भी मौजूद थीं। आग लगने के बाद कमरे में भारी मात्रा में धुआं भर गया, जिससे दोनों बच्चियां बेहोश हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने वंदना और जसप्रीत को मृत घोषित कर दिया, जबकि अनीता का इलाज जारी है। पुलिस क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घटना के समय महिला का पति जस्सी घर से बाहर था। पुलिस ने दोनों बच्चियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
