शिवपुरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवती और उसकी तीन माह की बच्ची के अपहरण का आरोप उसके लिव-इन पार्टनर पर लगा है। आरोप है कि युवक अपने 8 से 10 साथियों के साथ हथियार लेकर घर में घुसा, परिवार के साथ मारपीट की और मां-बेटी को जबरन कार में बैठाकर ले गया।
जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक अपने 8 से 10 साथियों के साथ हथियार, हॉकी और डंडे लेकर युवती के घर में घुस गया। आरोप है कि बदमाशों ने परिवार के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर युवती व उसकी तीन महीने की बच्ची को जबरन कार में डालकर फरार हो गए। कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र चौहान उनकी बेटी महक के साथ पिछले तीन साल से लिव-इन रिलेशनशिप में था। दोनों की एक तीन माह की बेटी भी है। परिजनों के मुताबिक, महक कुछ समय से आरोपी की प्रताड़ना से परेशान होकर मायके में रह रही थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी गुरुवार रात साथियों के साथ घर पहुंचा और हमला कर दिया। आरोपियों ने घर में घुसते ही गाली-गलौज, जातिसूचक टिप्पणियां और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। बताया जा रहा है कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। वारदात के बाद आरोपी महक और उसकी बच्ची को सफेद वैगनआर कार में बैठाकर ले गए और पीछा करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत अन्य लोगों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
