कुशीनगर। जिले के कसया थाना क्षेत्र में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। मैनपुर गांव स्थित ईंट-भट्ठे के पास खेल रहे तीन मासूम बच्चे पानी से भरे गड्ढे में डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
जिले के कसया थाना क्षेत्र स्थित मैनपुर गांव में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। ईंट-भट्ठे के पास खेल रहे तीन मासूम बच्चे पानी से भरे गड्ढे में गिर गए, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवारों में चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि मैनपुर के दीनापट्टी गांव स्थित आरएम मार्का ईंट-भट्ठे पर Chhattisgarh से आए मजदूर परिवार काम करते हैं। शनिवार सुबह परिजन भट्ठे पर काम में व्यस्त थे, जबकि बच्चे पास में खेल रहे थे। इसी दौरान अभय, अनन्या और अनुष्का खेलते-खेलते मिट्टी खनन से बने पानी भरे गड्ढे में गिर गए। साथ खेल रही एक बच्ची किसी तरह बाहर निकल आई और रोते हुए परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चों को बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया ले गए, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में अभय पुत्र पंचु निवासी फरहदा बिलासपुर, अनन्या पुत्री लखन निवासी अकलतारा जांजगीर-चांपा और अनुष्का पुत्री सुखन निवासी फरहदा बिलासपुर शामिल हैं। घटना के बाद अस्पताल में मातम का माहौल रहा। परिजन बच्चों के शवों से लिपटकर रोते-बिलखते रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
