सिंगरौली। जिले के कठहवा गांव में रविवार सुबह शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने एक परिवार की पूरी गृहस्थी तबाह कर दी। आग की चपेट में आने से एक मकान और दुकान जलकर पूरी तरह राख हो गए।
जिले के कठहवा गांव में रविवार सुबह शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते एक घर और उससे लगी दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई। हादसे में परिवार की पूरी गृहस्थी तबाह हो गई। जानकारी के मुताबिक कठहवा निवासी परसोतम जायसवाल के मकान में बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और काफी नुकसान हो चुका था। आग की तपिश से पक्के मकान की दीवारों में भी दरारें आ गईं। आग लगने से घर में रखा गेहूं, चना, सरसों समेत अन्य अनाज पूरी तरह जल गया। वहीं दुकान में रखे चप्पल-जूते, कपड़े और किराना का सामान भी खाक हो गया। आग बुझाने के दौरान दो लोग झुलस गए, जिनका स्थानीय स्तर पर उपचार कराया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने घटना में करीब दो लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
