बुलंदशहर। जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं।
जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, धमैडा कीरत गांव निवासी उत्तम कुमार (45) अपनी पत्नी उर्मिला (40) और बच्चों निशान्त (8), दिशा (6) व अनायरा (6) के साथ मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल से हरियाणा नंबर की एक ट्रक की नंबर प्लेट बरामद हुई है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है और जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
