हाथरस। जिले के सासनी कोतवाली क्षेत्र में इगलास रोड स्थित झाड़ियों में शनिवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव छौंड़ा निवासी हाशिम (23) के रूप में हुई है, जो पिछले कई दिनों से लापता था।
जिले के सासनी कोतवाली क्षेत्र के इगलास रोड पर झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान गांव छौंड़ा निवासी हाशिम (23) के रूप में हुई है, जो दो मई से लापता था। पुलिस के अनुसार, हाशिम घर से लकड़ी लेने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश के बाद चार मई को सासनी थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शनिवार को राहगीरों ने इगलास रोड किनारे झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराई, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।
