इंदौर। जिले के नवलखा इलाके में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पार्किंग में खड़ी यात्री बसों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थीं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जिले के नवलखा इलाके में सोमवार सुबह खड़ी यात्री बसों में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थीं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना नवलखा क्षेत्र के तीन इमली इलाके की बताई जा रही है, जहां निजी यात्री बसें पार्क की जाती हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक बस में मरम्मत का काम चल रहा था और वेल्डिंग के दौरान अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पास खड़ी अन्य बसों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कुल 5 बसें जलकर खाक हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के दौरान एक के बाद एक कई तेज धमाकों की आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि प्रशासन ने अब तक धमाकों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के समय वहां 20 से ज्यादा बसें खड़ी थीं। आग फैलने के बाद आनन-फानन में अन्य बसों को हटाया गया। आसपास रिहायशी बस्ती होने के कारण लोग डरकर घरों से बाहर निकल आए। मामले को लेकर क्षेत्रीय पार्षद Manish Sharma ने निजी बसों की पार्किंग और मरम्मत को लेकर प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाके में बसों की पार्किंग को लेकर पहले भी कई शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। विरोध जताते हुए पार्षद मौके पर धरने पर बैठ गए।
