उमरिया। मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में रेत माफिया की दबंगई का एक खौफनाक वीडियो सामने आने के बाद भाजपा सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर वनकर्मियों के सामने से तेज रफ्तार में निकलते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम को माफिया के गुर्गों ने डराने और कुचलने तक की कोशिश की।
देखे वायरल वीडियो-
जिले से सामने आए एक वायरल वीडियो ने अवैध रेत खनन और प्रशासनिक व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। चंदिया वन परिक्षेत्र के सलैया गांव में कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम के सामने रेत माफिया खुलेआम दबंगई करते नजर आए। हालात ऐसे बने कि वनकर्मियों की जान तक खतरे में पड़ गई। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि रेत से भरे ट्रैक्टर तेज रफ्तार में वनकर्मियों के सामने से निकल रहे हैं। वन विभाग के कर्मचारी ट्रैक्टर रोकने के लिए सड़क पर खड़े रहे, लेकिन माफिया के गुर्गों ने वाहन नहीं रोके और उन्हें कुचलने जैसी स्थिति पैदा कर दी। इसके बावजूद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर अवैध खनन पर लगाम लगाने के सरकारी दावे जमीन पर क्यों नजर नहीं आते। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से रेत माफिया सक्रिय हैं और कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति होती रही है। वायरल वीडियो के बाद प्रशासन और भाजपा सरकार दोनों विपक्ष के निशाने पर हैं। लोगों का कहना है कि जब सरकारी अमला ही खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा, तब आम जनता की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना लाजिमी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है, लेकिन इस घटना ने जंगल क्षेत्रों में सक्रिय रेत माफियाओं के बढ़ते हौसलों को उजागर कर दिया है।
