आगरा। जिले के कमला नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यमुना नदी में नहाने गए चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में दो युवतियां और एक बच्चा भी शामिल है। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।
जिले के कमला नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। यमुना नदी में नहाने गए चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में दो लड़कियां भी शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, यमुना नदी में नहाने के दौरान अचानक गहरे पानी में चले जाने से कान्हा (22), महक (19), रिया (17) और विक्की (11) डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला ने बताया कि सूचना मिलते ही पीएसी और स्थानीय गोताखोरों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। अभियान के दौरान पहले कान्हा, महक और रिया को नदी से बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, विक्की की तलाश के लिए करीब छह घंटे तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया। बाद में उसका शव भी बरामद कर लिया गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
