सिंगरौली। जिले के ग्राम कर्सुआ राजा में एक युवा का स्वरोजगार मॉडल अब दूसरे युवाओं के लिए प्रेरणा बन रहा है। रीवा संभाग के कमिश्नर बी.एस. जामोद ने जिले के दौरे के दौरान स्थानीय युवा संदीप शाह द्वारा संचालित पोल्ट्री फार्म का आकस्मिक निरीक्षण किया और उनके प्रयासों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल और सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा भी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने फार्म की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मुर्गियों की नस्ल, देखभाल, दाना-पानी और बाजार में बिक्री व्यवस्था की जानकारी ली। कमिश्नर बी.एस. जामोद ने संदीप शाह के प्रयासों को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि ग्रामीण युवाओं को नौकरी की बजाय स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने पशुपालन विभाग की योजनाओं का लाभ दिलाने का भरोसा भी दिया। इस दौरान कमिश्नर ने प्राकृतिक और जैविक तरीके से मुर्गीपालन करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे उत्पाद की गुणवत्ता बेहतर होगी और बाजार में मांग भी बढ़ेगी। अधिकारियों ने ग्रामीणों से खेती के साथ पशुपालन जैसे व्यवसाय अपनाकर आर्थिक स्थिति मजबूत करने की अपील की।
