अंबेडकर नगर। जिले के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रेमी से नाराज़ एक युवती बिजली के खंभे पर चढ़ गई। युवती ने फिल्म Sholay के वीरू की तरह खंभे पर चढ़कर प्रेमी को बुलाने की जिद पकड़ ली।
अंबेडकर नगर में इश्क में दीवानगी का अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। यहां प्रेमी से नाराज़ एक युवती फिल्म Sholay के वीरू की तरह बिजली के खंभे पर चढ़ गई और घंटों हाई-वोल्टेज ड्रामा करती रही। मामला अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के भुवनपुर गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक युवती अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी, लेकिन युवक कथित तौर पर अपने वादे से मुकर गया। इससे नाराज़ होकर युवती गांव में लगे बिजली के पोल पर चढ़ गई और प्रेमी को मौके पर बुलाने की जिद करने लगी। युवती को खंभे पर चढ़ा देख मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोग, परिजन और पुलिस उसे नीचे उतारने में जुट गए। काफी देर तक समझाइश का दौर चलता रहा। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवती बिजली के खंभे पर बैठी दिखाई दे रही है और नीचे लोग उसे मनाने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
