कानपुर। जिले के सचेंडी थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। सरकारी हैंडपंप से पानी पीने पर 16 वर्षीय दलित किशोर को दबंगों ने बेरहमी से पीट दिया। आरोप है कि किशोर को ‘मुर्गा’ बनाया गया, कपड़े उतरवाए गए और जूते में पानी भरकर पिलाया गया।
जिले के सचेंडी थाना क्षेत्र के झखरा संभरपुर गांव से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 16 वर्षीय दलित किशोर को सरकारी हैंडपंप से पानी पीने पर दबंगों ने बेरहमी से पीट दिया। आरोप है कि किशोर को ‘मुर्गा’ बनाया गया, कपड़े उतरवाए गए और जूते में पानी भरकर पीने के लिए मजबूर किया गया। पीड़ित परिवार के मुताबिक, दो मई की रात किशोर अपने पिता के साथ खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान प्यास लगने पर वह पास लगे सरकारी हैंडपंप पर पानी पीने पहुंचा। आरोप है कि वहां मौजूद दबंगों ने जातिसूचक गालियां देते हुए उसे पकड़ लिया और सड़क पर ‘मुर्गा’ बनाकर लाठी-डंडों, लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। परिजनों का आरोप है कि दबंगों ने किशोर के कपड़े उतरवाकर उसे अपमानित किया और जूते में पानी भरकर जबरन पिलाया। बेटे की चीख सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे पिता को भी आरोपियों ने पीटा, जिससे उनकी पसलियां टूट गईं, जबकि किशोर के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर संजय, दीपक, सागर और पटिया नामक चार आरोपियों के खिलाफ मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
