ग्वालियर। जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जेल में बंद पति को जमानत दिलाने का झांसा देकर उसके दोस्त ने महिला से 2 लाख रुपये ठग लिए और बाद में उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, महिला के दूर के रिश्तेदार ने भी उसे ब्लैकमेल कर शोषण किया।
जिले में एक महिला के साथ धोखाधड़ी और दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि जेल में बंद पति को जमानत दिलाने का झांसा देकर उसके दोस्त ने महिला से 2 लाख रुपये ठग लिए और बाद में उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, महिला के दूर के रिश्तेदार और कथित कांग्रेस नेता ने भी उसे ब्लैकमेल कर दुष्कर्म किया। मामला पुरानी छावनी थाना क्षेत्र का है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके पति को हत्या के मामले में गिरफ्तार कर पहले ग्वालियर और बाद में जबलपुर जेल भेजा गया था। जेल में उसकी दोस्ती मुरैना निवासी अंकित रावत से हुई थी। कुछ समय बाद जेल से बाहर आने पर अंकित पीड़िता के घर पहुंचा और पति की जमानत कराने का भरोसा दिलाकर 2 लाख रुपये ले गया। महिला का आरोप है कि बाद में आरोपी ने घर आना-जाना बढ़ा दिया और 25 अक्टूबर की रात घर में रुकने के दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर महिला को चुप रहने के लिए मजबूर किया। डर के कारण महिला किसी को कुछ नहीं बता सकी और आरोपी ने कई बार उसका शोषण किया।
पीड़िता के अनुसार, इस घटना की जानकारी उसके दूर के रिश्तेदार विवेक तोमर को लगी, जिसने बदनाम करने की धमकी देकर महिला को ब्लैकमेल किया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बताया जा रहा है कि विवेक तोमर खुद को कांग्रेस नेता बताता है। महिला का पति 25 मार्च 2026 को जेल से रिहा होकर घर लौटा, लेकिन डर के कारण महिला ने उसे भी कुछ नहीं बताया। आखिरकार दो दिन पहले उसने अपनी सास को पूरी घटना बताई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने आरोपी अंकित रावत और विवेक तोमर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। विवेक तोमर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है।
