Employment: गौतम अदाणी ने बिहार के सारण जिले में बड़ा बयान देते हुए कहा कि हर बिहारी को अपने ही राज्य में रोजगार मिलना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अदानी ग्रुप बिहार के विकास और औद्योगीकरण में सरकार को पूरा सहयोग देगा।
गौतम अदाणी ने बिहार दौरे के दौरान राज्य के विकास और रोजगार को लेकर बड़ा बयान दिया। सारण जिले के मस्तीचक में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि हर बिहारी को बिहार में ही रोजगार मिलना चाहिए और इस दिशा में अदाणी ग्रुप राज्य सरकार को पूरा सहयोग देगा। गौतम अदाणी मस्तीचक में ‘अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल- अदाणी सेंटर फॉर आई डिजीज’ के उद्घाटन और नए परिसर के भूमिपूजन कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान प्रीति अदानी भी मौजूद रहीं।
‘बिहारी होना गर्व की बात’- कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गौतम अदाणी ने कहा कि बिहार सिर्फ एक राज्य नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग मेहनती, सरल और मजबूत इरादों वाले हैं और “बिहारी होना अपने आप में गर्व की बात है।” उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य में नई सोच और नए नेतृत्व के साथ विकास की गति तेज होगी। अदाणी ने कहा कि औद्योगीकरण और रोजगार सृजन के मिशन में अदाणी ग्रुप सरकार के साथ खड़ा रहेगा।
बेटियों के आत्मविश्वास की तारीफ- Adani Foundation की चेयरपर्सन प्रीति अदाणी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताते हुए वहां मौजूद बेटियों और महिलाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि लड़कियों के चेहरे पर दिख रहा आत्मविश्वास और सेवा भावना बेहद प्रेरणादायक है।
मरीजों से मुलाकात, बांटे हेल्थ किट- कार्यक्रम के दौरान गौतम और प्रीति अदाणी ने अस्पताल का निरीक्षण किया और आंखों का ऑपरेशन करा चुके मरीजों से मुलाकात की। दोनों ने मरीजों को डिस्चार्ज कार्ड और हेल्थ किट भी वितरित किए।
