सिंगरौली। बैढ़न बस स्टैंड से अपहृत हुई 2 वर्षीय मासूम बालिका को सिंगरौली पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर झारखंड से सकुशल दस्तयाब कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। इस संवेदनशील मामले में पुलिस की सतर्कता, तकनीकी जांच और लगातार अभियान के चलते मासूम को उसके परिजनों से मिलाया जा सका।
बैढ़न बस स्टैंड से अपहृत हुई 2 वर्षीय मासूम बालिका को सिंगरौली पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर झारखंड से सकुशल बरामद कर सराहनीय सफलता हासिल की है। पुलिस की तत्परता, तकनीकी जांच और लगातार सर्च ऑपरेशन के चलते मासूम को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार ग्राम नगौरा चटनिया टोला निवासी अर्जुन सिंह गोंड 15 मई की रात अपनी 2 वर्षीय पुत्री मनीषा सिंह के साथ बैढ़न बस स्टैंड में सो रहे थे। देर रात बच्ची अचानक लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो थाना बैढ़न में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. के निर्देशन में विशेष एसआईटी का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर श्री राहुल सैयाम के नेतृत्व में लगभग 150 पुलिसकर्मियों की 10 टीमें बच्ची की तलाश में जुट गईं। पुलिस ने बैढ़न और आसपास के क्षेत्रों के करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की जांच की। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पतालों, सुनसान इलाकों तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति बच्ची को लेकर जाता दिखाई दिया। तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। जांच में पता चला कि आरोपी विनोद महतो निवासी लातेहार (झारखंड) बच्ची को अपने गांव लेकर चला गया है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम झारखंड रवाना हुई और आरोपी को गिरफ्तार कर मासूम बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
