सिंगरौली। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय-सीमा बैठक में गौरव बैनल ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय-सीमा बैठक में गौरव बैनल ने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी लंबित प्रकरणों को समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया। बैठक में बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास तथा शिक्षा विभाग को जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों का सर्वे कर जर्जर भवनों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। साथ ही अत्यंत जर्जर भवनों पर त्वरित कार्रवाई एवं सभी संस्थानों में बाउंड्री वॉल निर्माण के प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा। विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान अधीक्षण यंत्री को निर्देशित किया गया कि दूरस्थ मजरे-टोलों का सर्वे कर ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित करें जहां कम से कम पांच घर बसे हों, ताकि वहां बिजली सुविधा पहुंचाने की कार्रवाई की जा सके। कलेक्टर ने जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि गेहूं उपार्जन का भुगतान अधिकतम तीन दिवस के भीतर किसानों के खातों में सुनिश्चित किया जाए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को गर्भवती महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना का लाभ देने एवं सुदूर क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन से टीबी स्क्रीनिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों की नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि लंबित आवेदनों के निराकरण में रुचि नहीं लेने से जिले की ग्रेडिंग प्रभावित हो रही है। उन्होंने दो दिवस के भीतर संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व अधिकारियों को स्वामित्व योजना, सीमांकन एवं अन्य लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने को कहा।
