सिंगरौली। कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने जिला पशु चिकित्सालय बैढ़न और परिसर में संचालित एनिमल रेस्क्यू सेंटर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान समय पर उपस्थित नहीं होने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए वेटनरी डॉक्टर शिल्पी पटेल का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने जिला पशु चिकित्सालय बैढ़न एवं परिसर में संचालित एनिमल रेस्क्यू सेंटर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान समय के प्रति लापरवाही बरतने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए देर से उपस्थित होने वाली वेटनरी डॉक्टर शिल्पी पटेल का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने उपसंचालक पशुपालन विभाग को निर्देशित किया कि चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सक निर्धारित समय पर अस्पताल में उपस्थित रहें तथा घायल पशुओं के उपचार के लिए आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक हर समय उपलब्ध रहे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल परिसर स्थित एनिमल रेस्क्यू सेंटर का भी जायजा लिया। उन्होंने बेसहारा और बीमार पशुओं की बेहतर देखभाल के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पशुपालन विभाग गौसेवा संस्थाओं को हरसंभव सहयोग प्रदान करे। रेस्क्यू सेंटर में लाए गए घायल और बीमार पशुओं के नियमित उपचार एवं जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। भीषण गर्मी को देखते हुए कलेक्टर ने मौके पर ही रेस्क्यू सेंटर में मौजूद मूक पशुओं को राहत दिलाने के लिए फॉगर मशीन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही उन्होंने जिले में पशु कल्याण और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए पशु क्रूरता निवारण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक में पशुपालन, नगर निगम, वन एवं राजस्व विभाग के अधिकारी गौसेवा संस्थाओं के साथ मिलकर पशुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा और गौशालाओं के कायाकल्प को लेकर विस्तृत चर्चा करेंगे।
