सिंगरौली। जिले के सासन चौकी क्षेत्र अंतर्गत सिद्धि कला गांव में गुरुवार सुबह टेंट लगाने के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय छोटेलाल साकेत निवासी सिद्धि कला के रूप में हुई है।
जिले के सिद्धि कला गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में टेंट मजदूर की जान चली गई। सासन चौकी क्षेत्र में टेंट लगाने के दौरान मजदूर करंट की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय छोटेलाल साकेत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गांव में एक कार्यक्रम के लिए टेंट लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान बिजली से जुड़े तार की चपेट में आने से उन्हें तेज करंट लगा और वे सीढ़ी समेत नीचे गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए बैढ़न ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी ने बताया कि छोटेलाल ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है।
