सिंगरौली। जिले के थाना सरई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 13 वर्षीय बालक को सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से परिवार ने राहत की सांस ली है।
जिले के थाना सरई पुलिस ने “मुस्कान अभियान” के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए 13 वर्षीय अपहृत बालक को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। इस कार्रवाई को पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता का महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी, जो ग्राम पापल चौकी निवास थाना सरई का निवासी है, ने 18 मई को चौकी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका 13 वर्षीय पुत्र 16 मई को बिना बताए घर से कहीं चला गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सरई निरीक्षक जितेंद्र सिंह भदौरिया द्वारा तत्काल विशेष टीम गठित की गई। उप निरीक्षक सूरज सिंह चौकी प्रभारी निवास के नेतृत्व में गठित टीम ने बालक की तलाश शुरू की और लगातार प्रयास करते हुए 21 मई 2026 को ग्राम पापल से बालक को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद बालक को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक द्वारा चलाए जा रहे “मुस्कान अभियान” को सफल बनाने की दिशा में सिंगरौली पुलिस का महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील प्रयास है।
